IMG 20260115 WA0018

डीएम वर्षा सिंह ने बच्चियों संग मनाई मकर संक्रांति, सादगी और स्नेह का दिया संदेश

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने मकर संक्रांति के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, हाजीपुर की छात्राओं के साथ सादगी और आत्मीयता भरे माहौल में पर्व मनाया। उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर दही-चूड़ा का पारंपरिक भोजन किया और पतंग उड़ाकर खुशियाँ साझा कीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्राओं को मकर संक्रांति की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि एकता, सादगी और स्नेह का प्रतीक होते हैं।” उन्होंने विद्यालय की छात्राओं के साथ घुलमिलकर उनके पढ़ाई, दिनचर्या और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में बातचीत की तथा उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

जिलाधिकारी के इस सरल और अपनत्वपूर्ण व्यवहार से छात्राओं में उत्साह और आत्मविश्वास झलक रहा था। विद्यालय परिसर उस समय एक पारिवारिक और प्रेरणादायक वातावरण में बदल गया।

इसी कार्यक्रम के दौरान श्रीमती वर्षा सिंह ने विद्यालय में स्थापित नई आईसीटी लैब का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि “इस लैब से बच्चियाँ डिजिटल शिक्षा से जुड़ेंगी और तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।” उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं को आधुनिक तकनीक की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल भारत की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं से व्यक्तिगत संवाद किया। बच्चियों ने अपने सपनों और भविष्य के लक्ष्यों को साझा किया, जिसे सुनकर डीएम ने उन्हें निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा — “आप सभी देश का भविष्य हैं, आत्मविश्वास और शिक्षा के बल पर जीवन में सफलता निश्चित है।”

इस अवसर पर ओएसडी श्री तारिक राजा, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती चांदनी कुमारी, सुश्री तनुजा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद हाजीपुर श्री सुशील कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री रविंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) श्री शोभाकांत तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) श्री संतोष कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *