IMG 20260116 WA0010

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जालंधर में — NIT के 1452 छात्रों को देंगी डिग्रियां

जालंधर।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने पंजाब दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को जालंधर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के 21वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। यह अवसर न केवल संस्थान बल्कि पूरे जालंधर शहर के लिए गर्व का विषय बना हुआ है।

समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की कुल 1,452 डिग्रियां प्रदान करेंगी। वहीं, शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए चुने गए 31 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जालंधर को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, रिमोट संचालित एयरक्राफ्ट, निजी हेलिकॉप्टर और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है ताकि आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो। समारोह स्थल पर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है।

इससे पहले गुरुवार को राष्ट्रपति मुर्मू ने अमृतसर के गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि “शिक्षा केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का माध्यम है।” राष्ट्रपति ने कहा कि विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करना ही सच्ची कृतज्ञता होगी।

राष्ट्रपति ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है, जिसका प्रमाण डिग्री और पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की अधिक संख्या है।

राष्ट्रपति के जालंधर आगमन से शहर में उत्साह का माहौल है। NIT परिसर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और समारोह को ऐतिहासिक रूप देने के लिए भव्य मंच सजाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *