nationview.in

वैशाली में औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा कदम

Nation View | हाजीपुर (वैशाली)

वैशाली में औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा कदम

डीएम ने किया तीन दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ
“शून्य दुर्घटना हमारा लक्ष्य” – जिलाधिकारी वर्षा सिंह

वैशाली जिले में औद्योगिक इकाइयों में दुर्घटनाओं की रोकथाम और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने ठोस पहल की है। जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने गुरुवार को वैशाली समाहरणालय परिसर से ‘औद्योगिक आपदा एवं जोखिम जागरूकता वैन’ को हरी झंडी दिखाकर तीन दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।

यह अभियान बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा 8 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक दुर्घटनाओं को रोकना और श्रमिकों व उद्योग प्रबंधन को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना है।

जागरूकता अभियान के तहत विशेष रूप से हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र को कवर किया जा रहा है। वैन में लगी अत्याधुनिक LED स्क्रीन के माध्यम से कारखानों में सुरक्षा उपाय, अग्नि दुर्घटना से बचाव, रासायनिक रिसाव की स्थिति में सावधानियां और आपातकालीन निकास से जुड़ी शैक्षणिक फिल्में दिखाई जा रही हैं। साथ ही श्रमिकों और उद्यमियों को सुरक्षा संबंधी पम्फलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।

इस मौके पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि “औद्योगिक इकाइयों में शून्य दुर्घटना सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जागरूकता के माध्यम से ही श्रमिकों की सुरक्षा और उद्योगों की सतत प्रगति संभव है।” उन्होंने कहा कि यह सघन अभियान श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीकों से परिचित कराएगा।

अगले तीन दिनों तक यह जागरूकता रथ हाजीपुर के औद्योगिक क्लस्टरों, प्रमुख फैक्ट्रियों और श्रमिक बस्तियों में रुक-रुक कर सुरक्षा से जुड़ी फिल्मों का प्रदर्शन करेगा, जिससे औद्योगिक दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (MEO) और नगर परिषद, हाजीपुर के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Nation View – पंचायत से सदन तक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *