1000296286

वैशाली में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया लोक कल्याण के लिए गायत्री महामंत्र जप का संकल्प

 

वैशाली। शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को गायत्री परिवार चकअल्हदाद परिसर श्रद्धा और आस्था से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लोककल्याण, वातावरण की शुद्धि, प्रकृति के संतुलन एवं आपदा निवारण की मंगलकामना के साथ सामूहिक नवरात्र साधना की शुरुआत की।

 

कलश स्थापना एवं मां दुर्गा पूजन के साथ नौ दिवसीय गायत्री महामंत्र जप अनुष्ठान का संकल्प लिया गया। बताया गया कि पिछले 20 वर्षों से यह परंपरा यहां निरंतर चल रही है, जिसमें नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक श्रद्धालु सामूहिक रूप से मंत्रजप और पूजा-अर्चना करते हैं।

 

संस्थान के सदस्य राजेश चन्द्र, प्रेम राज, रंजन कुमार, रवीश चंद्र, रिंकू गुप्ता, अमूलकांत, अनामिका कुमारी आदि ने बताया कि इस अवधि में प्रतिदिन मां दुर्गा की विशेष पूजा के साथ-साथ पुस्तक मेला भी लगाया जाता है। इसमें वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित साहित्य उपलब्ध कराया जाता है।

 

नवमी के दिन विशेष आकर्षण रहता है जब श्रद्धालु गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र आदि से यज्ञ में आहुति देते हैं। इसमें न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि दूर-दराज़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेने आते हैं।

 

वैशाली के इस अनुष्ठान ने नवरात्रि को केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामूहिक लोककल्याण और पर्यावरण संरक्षण का पर्व बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *