बीजेपी अध्यक्ष पद की दौड़ में सुधांशु त्रिवेदी का नाम सबसे आगे!
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी का नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सबसे मजबूत दावेदारों में उभरकर सामने आया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक़, संगठन के भीतर और दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में उनकी दावेदारी को लेकर गंभीर चर्चा हो रही है।
सुधांशु त्रिवेदी अपने तेज-तर्रार वक्तव्य, इतिहास और राजनीति पर गहरी समझ और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। यूपी से आने वाले त्रिवेदी लंबे समय से पार्टी की रणनीतिक टीम का हिस्सा रहे हैं और उन्हें बीजेपी का बौद्धिक चेहरा भी माना जाता है।
क्यों बढ़ी सुधांशु त्रिवेदी की दावेदारी?
मौजूदा नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच पार्टी ऐसे चेहरे की तलाश में है, जो संगठन को मज़बूत करने के साथ-साथ विपक्ष पर विचारधारात्मक पलटवार भी कर सके।
उनका साफ़-सुथरा राजनीतिक करियर और धारदार संवाद कला उन्हें अन्य दावेदारों से अलग करती है।
संघ से गहरा जुड़ाव और नेतृत्व का भरोसा भी उनके पक्ष में माना जा रहा है।
हालांकि बीजेपी की ओर से अभी तक किसी भी नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अटकलों का बाज़ार गर्म है। माना जा रहा है कि पार्टी में बड़े संगठनात्मक बदलाव की घड़ी करीब है। अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, यह तो आने वाला वक्त ही तय करेगा।

