पंजाब में बाढ़ से हालात गंभीर, – पीएम मोदी करेंगे हवाई सर्वे, गुरदासपुर में होगी हाईलेवल मीटिंग
पंजाब में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 51 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पहले यह आंकड़ा 46 था, लेकिन हालात बिगड़ने के साथ यह संख्या बढ़ गई है। लगातार बारिश और नदियों के उफान के कारण कई जिले पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। हजारों लोग प्रभावित हैं और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। जानकारी के मुताबिक, वह हिमाचल के कांगड़ा में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों से मुलाकात भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पंजाब के प्रभावित इलाकों का भी सर्वे करेंगे।
कांगड़ा हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हवाई अड्डे के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीएम की यात्रा को देखते हुए किसी उड़ान को रद्द नहीं किया गया है, लेकिन कुछ फ्लाइट्स का समय बदला गया है।
पंजाब के गुरदासपुर में आज एक हाईलेवल बैठक भी होगी, जिसमें राहत और पुनर्वास कार्यों को लेकर अहम फैसले लिए जाएंगे। आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री मोदी केंद्र सरकार की ओर से राहत पैकेज का ऐलान करेंगे। वहीं, पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पीएम लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और राज्य की जनता को हरसंभव मदद मिलेगी।
राज्य पिछले 20-25 दिनों से बाढ़ की विभीषिका झेल रहा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है, लेकिन हालात अभी भी बेहद नाजुक बने हुए हैं।

