जालंधर के AAP विधायक रमन अरोड़ा और निगम अफसर को हाईकोर्ट से जमानत
जालंधर: भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल हलके के विधायक रमन अरोड़ा और नगर निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को हुई सुनवाई में अदालत ने दोनों को जमानत दे दी।
क्या है पूरा मामला
23 मई की सुबह विधायक रमन अरोड़ा मंदिर में माथा टेक रहे थे, तभी विजीलेंस टीम ने उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई पंजाब सरकार के आदेश पर हुई थी, जिसने अपने ही पार्टी के विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर सख्ती दिखाई। इसके बाद जांच के दायरे में आए राजदार महेश मखीजा और महिला इंस्पेक्टर को भी गिरफ्तार किया गया था।
विजीलेंस ब्यूरो का आरोप है कि नगर निगम में नियम विरुद्ध काम करवाने के लिए पैसों का लेन-देन किया जा रहा था, जिसमें विधायक और निगम अफसर की भूमिका सामने आई। हालांकि अब हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद रमन अरोड़ा और सुखदेव वशिष्ठ जेल से बाहर आ सकेंगे।

