रात के अंधेरे में कानून-व्यवस्था की जांच — वैशाली एसपी का हाजीपुर में औचक भ्रमण
वैशाली के पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिहाग ने सोमवार की मध्यरात्रि को हाजीपुर शहरी क्षेत्र का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख थानों — सदर थाना, नगर थाना, गंगाब्रिज थाना, औद्योगिक थाना और हथसारगंज ओपी — का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थानों में ड्यूटी पर मौजूद पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति दर्ज की तथा रात्रि गश्ती, पिकेट ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, मालखाना, हाजत और आगंतुक रजिस्टर की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि के समय चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जाए तथा नियमित प्वाइंट ड्यूटी सुनिश्चित हो। उन्होंने रात्रि में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने और त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली को और मजबूत करने पर बल दिया, ताकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और आवासीय क्षेत्रों की सुरक्षा बेहतर हो सके।

