हाजीपुर: PM मोदी के साथ चिराग पासवान और DM वर्षा सिंह ने किया अभियान का शुभारंभ
हाजीपुर/पातेपुर, 17 सितंबर 2025।
महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान हाजीपुर के सदर अस्पताल परिसर स्थित न्यू पींकू वार्ड में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री चिराग पासवान ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों के बीच किट व दवाओं का वितरण किया।
जच्चा-बच्चा किट वितरण : हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अवधेश सिंह एवं वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने जच्चा-बच्चा किट बांटी और किशोरियों को अल्बेंडाजॉल की गोली दी।
दूसरा स्टॉल : 05-05 लाभार्थियों को चश्मा और आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया।
तीसरा स्टॉल : आईसीडीएस विभाग की ओर से कुपोषण से बचाव के लिए खान-पान संबंधी परामर्श और गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई की प्रक्रिया की गई।
अन्य स्टॉल : टीबी मरीजों को फूड पैकेज दिए गए और परिवार नियोजन केंद्र का निरीक्षण किया गया। मंत्री ने इस दौरान परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी पर भी विशेष रूप से जानकारी ली।
मंत्री चिराग पासवान ने सदर अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले इस अभियान में महिलाएं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाओं का लाभ उठा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि:
सदर अस्पताल, हाजीपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम प्रतिदिन मरीजों का इलाज करेगी।
प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दिन विशेष शिविर लगेगा, जिसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, चर्म रोग और ईएनटी के विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर सिविल सर्जन वैशाली, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और स्वास्थ्य समिति वैशाली की टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
पातेपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की सहभागिता
वैशाली जिले के पातेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने इस अभियान में भाग लिया। उन्होंने स्वास्थ्य और अन्य विभागों से जुड़े स्टॉलों का उद्घाटन एवं निरीक्षण किया।
आज पातेपुर और बिदुपुर प्रखंडों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जहां महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार की जांच, इलाज और दवा वितरण किया गया।
यह अभियान स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित है और प्रधानमंत्री की पहल पर पूरे देश में चलाया जा रहा है।

