कर्नाटक में गणेश विसर्जन जुलूस में बड़ा हादसा, 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
कर्नाटक के हासन ज़िले के मोसले होसहल्ली गांव में शुक्रवार रात गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक तेज़ रफ़्तार ट्रक बेकाबू होकर जुलूस में घुस गया, जिससे मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात लगभग 8:45 बजे जुलूस आगे बढ़ रहा था, तभी ट्रक पहले एक बाइक से टकराया और फिर डिवाइडर से भिड़ते हुए भीड़ में जा घुसा। मृतकों में कई युवा शामिल हैं, जिनमें पाँच इंजीनियरिंग के छात्र भी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद अफरातफरी मच गई। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार से घायलों के मुफ़्त इलाज और मृतकों के परिजनों को मुआवज़ा देने की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।

