फुलाढ पंचायत में महीनों से बंद RTPS काउंटर, ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानियां
इंद्रजीत कुमार ,वैशाली – बिहार सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर नागरिकों को 65 प्रकार की ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई RTPS (Right to Public Service) योजना अब सवालों के घेरे में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा RTPS काउंटरों को पंचायत स्तर तक पहुंचाकर आम जनता को उनके गांव में ही सेवाएं दिलाने का जो दावा किया गया था, वह फुलाढ पंचायत (वैशाली प्रखंड, वैशाली विधानसभा) में पूरी तरह विफल होता दिख रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो फुलाढ पंचायत में स्थापित RTPS काउंटर काफी लंबे समय से पूरी तरह बंद पड़ा है। कई लोगों को तो यह भी नहीं मालूम कि इस काउंटर का उद्घाटन हुआ भी है या नहीं। यदि हुआ भी है, तो काउंटर शायद उद्घाटन के बाद से ही बंद है और अब तक नियमित रूप से संचालित नहीं हो सका है।
जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी अन्य सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को आज भी प्रखंड मुख्यालय या निजी साइबर कैफे का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें समय, पैसा और मेहनत – तीनों की क्षति होती है। ऐसे में सरकार द्वारा दावा किए जा रहे डिजिटल सेवा वितरण की जमीनी हकीकत उजागर हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत में काउंटर के बंद रहने की जानकारी न तो प्रखंड स्तर के अधिकारियों को है, और न ही पंचायत के सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है। नतीजतन, जनता को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लें और यदि अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं, तो उन्हें प्रखंड स्तर पर धरना-प्रदर्शन की तैयारी करनी चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जनप्रतिनिधियों को बड़ी उम्मीदों के साथ चुना था, अब समय है कि वे जनता की समस्याओं पर खरे उतरें।
गांव के लोगों का यह भी कहना है कि अगर जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करवाने में जनप्रतिनिधि विफल रहते हैं, तो वे खुद इस लड़ाई को आगे ले जाने के लिए तैयार हैं।
जनता का स्पष्ट संदेश है – केवल मनरेगा योजना से पंचायत का विकास संभव नहीं है। जनता अब जागरूक है और हर पांच साल में आने वाले चुनावों में जवाब भी देना जानती है।
इस मुद्दे को लेकर लोगों ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री कार्यालय, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से त्वरित संज्ञान लेने की मांग की है ताकि फुलाढ पंचायत सहित अन्य क्षेत्रों में भी RTPS काउंटरों को पुनः सक्रिय किया जा सके।

