पंजाब में बढ़ेगी ठंड और कोहरे की मार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पंजाब में ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट और दृश्यता घटने को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले कुछ दिनों में ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना और पटियाला जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इन इलाकों में सुबह और देर रात दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं प्रशासन ने राहत टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है।
मौसम विभाग की सलाह:
सुबह और रात के समय यात्रा से पहले मौसम की स्थिति की जांच करें।
वाहन चलाते समय हेडलाइट्स और फॉग लाइट का प्रयोग करें।
ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और जरूरी सावधानियां बरतें।

